Uttarakhand News 14 Aug 2026: राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के ढलान पर आ रहा कंटेनर अचानक बेकाबू होकर पैराफिट से टकराकर सड़क किनारे सफाई कर रहे मजदूर पर पलट गया। उत्तर प्रदेश के बांदा निवासी मजदूर महेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। चालक मौके से भाग निकला जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

एसओ क्लेमेंटटाउन मोहन सिंह ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरटीओ चेकपोस्ट से करीब डेढ़ सौ मीटर पहले एक कंटेनर पलटा हुआ है। उसके नीचे एक व्यक्ति भी दबा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कंटेनर का चालक वहां नहीं था। पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलवाकर कंटेनर को सीधा कराया तो देखा कि नीचे दबे व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गांव नंदूपुर निवासी महेश के रूप में हुई है।

मृतक के साथियों ने बताया कि महेश यहां पर कंप्रेसर से सड़क किनारे सफाई कर रहा था। इसी दौरान तेजी से आता यह कंटेनर बेकाबू होकर पलट गया। एसओ ने बताया कि महेश के परिजन यहां नहीं थे। ऐसे में शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कंटेनर को मौके से हटाकर आशारोड़ी चौकी परिसर में खड़ा किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।