Uttarakhand News 17 Nov 2026: उत्तराखंड में आज सुबह हुए भीषण बस हादसे को लेकर लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। तीनों ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी गढ़वाल की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और हादसों से प्रभावित लोगों व उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस
गूलर बस हादसे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस गूलर घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को ऋषिकेश एम्स और अन्य चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

वहीं, राहुल गांधी ने टिहरी गढ़वाल और बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुए दो सड़क हादसों में लोगों की मौत और कई के घायल होने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।