Uttarakhand News 20 July 2026: खांसी ग्राम पंचायत के दोणी गांव में सड़क की सुविधा का दंश लोग आज भी झेल रहे है। रविवार दोपहर बाद गांव में अचानक एक बुजुर्ग महिला की तबियत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने पीठ पर उठा कर पांच किमी पैदल चल कर मोटर मार्ग तक पहुंचाया। उसके बाद निजी वाहन के माध्यम से उपचार के लिए नौगांव अस्पताल पहुंचाया।

खांसी ग्राम पंचायत के उपगांव दोणी की 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुरतमा देवी का अचानक स्वास्थ्य खराब हुआ। ग्रामीणों ने आनन-फानन उन्हें पीठ पर उठा कर जंगल के रास्ते पांच किमी की पैदल दूरी तय कर अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

दोणी गांव के नागेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि हम वर्षों से दोणी गांव के लिए सड़क की मांग कर रहे हैं। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव में बीमार व्यक्ति हो या गर्भवती महिला उन्हें इसी तरह संगठित हो कर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।

तीन साल पहले तीन किमी सड़क के लिए खूंटिया लगा कर सड़क कटान में आने वाले पेड़ों पर भी नंबर अंकित किए गए थे। लेकिन उसके बाद क्या हुआ यह आज तक किसी को पता नहीं है। ग्राम प्रधान खांसी सूर्यपाल रावत का कहना है कि दोणी गांव के लिए स्वीकृत पांच किमी सड़क की फाइल शासन में लंबे समय से लंबित पड़ी हुई है।