Uttarakhand News 20 Aug 2026: उत्तराखंड के 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने का सपना पूरा होने वाला है। आवास विभाग ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए अगले माह सितंबर तक की टाइम लाइन निर्धारित की है। सभी पात्र परिवारों को आगामी दिसंबर माह तक अपना घर मिल जाएगा।

सचिव आवास डॉ आर राजेश ने बताया कि प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के तहत 15496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें लगभग 84 फीसदी यानी 12948 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 1271 घरों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी है। इनमें 768 रुड़की और 503 लाभार्थी हरिद्वार के हैं। लंबित आवासीय परियोजनाओं को 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कहां कितने आवास?
ऊधमसिंह नगर: योजना के तहत सर्वाधिक 10200 मकान ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। रुद्रपुर 1872 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। 1264 आवास भवानीपुर (जसपुर), 1168 उकरौली-1 (सितारगंज), 864 उकरौली-2 (सितारगंज), 1256 कनकपुर (काशीपुर), 928 मटकोटा (रुद्रपुर), 928 श्यामनगर (गदरपुर), 824 महुवाखेड़ागंज, 512 मानपुर (काशीपुर) एवं 584 गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में पात्र लाभार्थियों को मिलेंगे।
हरिद्वार: कुल 4528 मकान बन रहे हैं। इनमें 544 मंगलौर, 448 झब्बरपुर, 1152 अन्नेखी, 1088 बेल्दी (बेलड़ी, रुड़की), 768 आवास शिकारपुर एवं 528 इंद्रलोक आवासीय योजना के तहत बन रहे हैं।
नैनीताल: रामनगर में सभी 528 मकान पूरी तरह बन चुके हैं।
देहरादून: धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत 240 में से 180 आवास बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना का सीधा मिला है। पात्र परिवारों की मदद के लिए योजना में अब राज्य सरकार की हिस्सेदारी को ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार किया जा रहा है। – पुष्कर सिंह धामी