Uttarakhand News 26 May 2025: नैनीताल से चोरी हुई बाइकों के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की नौ बाइकों के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने गिरफ्तारी टीम को ढाई हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।

एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने सोमवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि जुबली हॉल निवासी फैजान, रुकुट कंपाउंड निवासी भूपेंद्र सिंह, जसपुर उधमसिंह नगर निवासी दीपांशु, खुर्पाताल निवासी मुकेश पांडे ने मल्लीताल कोतवाली में अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत की थी। पुलिस ने मामलों में अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किये थे। जिसके बाद कोतवाली से टीमों का गठन कर मामले में जांच शुरू की गई थी। टीम ने सीसीटीवी की मदद से संदिग्ध लोगों को चिन्हित किया। रविवार को पुलिस ने मंगोली क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर रुकुट कंपाउंड क्षेत्र से चोरी की बाइक के साथ घुघुखाम निवासी दीपक सिंह बिष्ट और खुशालपुर बन्नाखेड़ा ऊधमसिंह नगर निवासी आकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद दोनों ने हल्द्वानी, बाजपुर और रामनगर क्षेत्र से भी बाइक चोरी किये जाने की बात कही। गिरफ्तारी टीम में एसएसआई दीपक बिष्ट, एसआई विजय कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन, वीरेंद्र गोले, राजेश कुमार, शाहिद अली, मनीष कुमार, सुमित चौधरी शामिल थे।