Uttarakhand News 3 October 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन मर्यादा, धर्म और कर्तव्य का अद्भुत उदाहरण है। एक आर्दश पुत्र, पति और राजा के रूप में उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। दशहरा एक पर्व मात्र नहीं है।

यह हमें सिखाता है कि असत्य चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, उसकी पराजय निश्चित है। शक्ति और ज्ञान का दुरुपयोग अतत: पतन की ओर ले जाता है। भगवान राम ने संदेश दिया है कि धर्म की रक्षा के लिए कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आए, विजय सदैव धर्म की ही होती है।

शुक्रवार को लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू इंटर नेशनल स्कूल में वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव व रावण दहन कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बात कही। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज के लिए नई चेतना और जागरूकता का माध्यम बनते हैं।

कहा, इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण हुए हैं। ये मेरे जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए संघ की विचारधारा और प्रेरणा ही राष्ट्र कार्य करने की शक्ति है। इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पर्व सनातन संस्कृति में अटूट आस्था के प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर हमारे युग का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और धार्मिक गौरव बन गया है। हमारे मंदिर, मेले और पर्व न केवल सनातन संस्कृति में हमारी अटूट आस्था के प्रतीक हैं, बल्कि हमारे लिए पर्यटन और रोजगार का भी सशक्त माध्यम हैं।

सरकार भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए लैंड जिहाद, लव जिहाद, थूक जिहाद, धर्मांतरण जिहाद जैसी बुराइयों को सख्ती से समाप्त कर रही है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

पिछले चार वर्षों में राज्य में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी पाने में सफलता प्राप्त हुई है। लेकिन, कुछ लोगों को पारदर्शिता के साथ युवाओं का सरकारी नौकरियों में जाना रास नहीं आ रहा है।

हाल ही में नकल प्रकरण जानकारी मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूरी परीक्षा की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया। वहीं, लेकिन विपक्षी दलों ने हमारे युवाओं को ढाल बनाकर राजनीतिक षड्यंत्र कर प्रदेश में अराजकता फैलाने के प्रयास किए।

सीबीआई जांच कराने के साथ ही युवाओं की न्यायोचित मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया है। कहा, रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार भ्रष्टाचार रूपी रावण को भी जड़ से समाप्त करने के लिए जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।

ये दशक उत्तराखंड का: कोश्यारी
पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि ये दशक उत्तराखंड का है। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार निरंतर बेहतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने धराली, थराली और अन्य आपदाओं को पूरे संघर्ष के साथ पार किया है। प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण तैयार हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही है। इससे उत्तराखंड जल्द अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आकर खड़ा होगा।

भजन संध्या में दीपक गोगना ने समां बांधा
श्री सेवा कुंज समिति दशहरा कमेटी पटेलनगर की ओर से शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान में 25वां दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन संध्या में पंजाब के दीपक गोगना ने प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इसके बाद 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया।