Uttarakhand News 14 Jan 2026: हल्द्वानी की सूरत बदलने और इसे एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। सांसद अजय भट्ट ने तीनपानी में आयोजित एक कार्यक्रम में 229.82 करोड़ रुपये की केंद्र पोषित महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। यह पूरी परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हल्द्वानी के लिए की गई विशेष विकास घोषणाओं का हिस्सा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि शहरवासियों को लंबे समय से ट्रैफिक जाम और मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता था। इस परियोजना को इन्हीं दो मुख्य समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसके तहत शहर की मुख्य धमनियों यानी नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड का न केवल चौड़ीकरण होगा बल्कि उनका सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट. भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पार्षद मनोज जोशी, पार्षद संजय पांडे, पार्षद रुकमणी बिष्ट, पार्षद रईस अहमद आदि लोग मौजूद थे।










