Uttarakhand News 30 April 2026: कार से युवती का पीछा कर मोबाइल नंबर मांगा गया। जब पीड़िता ने इंकार किया तो उसकी दुकान में तमंचा लेकर घुस गए।

यह देख पीड़िता के सहयोगी ने विरोध किया तो तमंचे के बल पर गालीगलौज और मारपीट की गई। साथ ही दुकान से आठ हजार की नकदी भी लूट ले गए। मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत चार अन्य पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।

लोहिया नगर रुद्रपुर निवासी कविता ने बताया कि उसकी कोरंगा ट्रेडर्स नाम से दुकान है। वह रोजाना ही दुकान में पैदल ही आना जाना करती है।

कई दिनों से कार से पीछा कर रहा था सुमित
कुछ दिनों से सुमित गुप्ता कार से उसका पीछा कर रहा था और उससे मोबाइल नंबर मांग रहा था। उसने सुमित से कई बार कहा कि दुकान के बोर्ड पर नंबर लिखा है और उस नंबर पर बात कर लेना। बावजूद इसके वह बार बार उसका पीछा कर नंबर मांगता रहा है।

24 अप्रैल की शाम को उसकी दुकान में व्यावसायिक सहयोगी अरुण चौहान आए हुए थे। इसी बीच सुमित गुप्ता, याेगेश कुमार अपने चार अन्य साथियों के साथ दुकान पर आ गया। इस दौरान उन्होंने उससे गालीगलौज की। यह देख जब अरुण चौहान ने विरोध किया तो उससे गालीगलौज कर मारपीट की।

जब वह बीच बचाव करने लगी तो आरोपितों ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दुकान के गल्ले से आठ हजार रुपये भी लूट लिए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित फरार हो गए।

पीड़िता के अनुसार आरोपित स्वयं को हिंदू युवा वाहिनी नामक संगठन से जुड़ा बता रहे थे। पीड़िता ने सुमित गुप्ता, योगेश कुमार और अन्य चार लाेगों पर कार्रवाई की मांग की है।