Uttarakhand News 30 April 2026: चारधाम यात्रा शुरु होने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच टप्पेबाज गिरोह भी सक्रिय हो गया है।

केदारनाथ में श्रद्धालुओं के कीमती सामान पर हाथ साफ कर बदरीनाथ धाम में डाका डालने की फिराक में अंतर्राज्यीय गिरोह को चमोली पुलिस ने बदरीनाथ धाम में घेराबंदी कर चार शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 लाख के आईफोन व सैमसंग अल्ट्रा के सहित 13 महंगे फोन बरामद किए हैं।

चारधाम यात्रा अपने चरम पर
देवभूमि उत्तराखंड में वर्तमान में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अटूट आस्था के साथ पवित्र धामों में शीश नवा रहे हैं। श्रद्धालुओं की इसी भारी भीड़ और आस्था का लाभ उठाकर टप्पेबाज गिरोह लोगों की जेब खंगाल रहा है।

थाना श्री बदरीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह भीड़ में घुल मिलकर श्रद्धालुओं का ध्यान भटका रहा है और उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहा है। यह गिरोह विशेष रूप से स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय था।

27 अप्रैल को वादी नरेश चन्द्र (निवासी पौड़ी गढ़वाल) द्वारा कोतवाली श्री बदरीनाथ में एक तहरीर दी थी। वादी के अनुसार, उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आईडी, डीएल, पैन कार्ड, एटीएम और 10 हजार रुपए गर्भ गृह में दर्शन के दौरान चोरी हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली श्री बदरीनाथ में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पंवार द्वारा तत्काल एक विशेष एंटी थेप्ट स्क्वाड का गठन किया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस का भी उपयोग किया जाए।

पुलिस टीम ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को चिन्हित करते हुए घेराबंदी की और हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को सफलतापूर्वक रोका। वाहनों की सघन तलाशी लेने पर अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपये की कीमत के कुल 13 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद हुए।

बरामद सामग्री
विभिन्न मॉडलों के 07 आईफोन,
03 सैमसंग S24 अल्ट्रा,
01 वनप्लस 10R,
01 रेडमी नोट 13
01 रियलमी 13 प्रो जैसे महंगे स्मार्टफोन शामिल
58,860 रुपये की नगदी के साथ पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त दो वाहन भी सीज
केदारनाथ में हाथ साफ कर बदरीनाथ में डालने वाले थे डाका
पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ कि बरामद किए गए फोन इन शातिरों ने केदारनाथ धाम से चुराए थे। इनमें से एक ”आईफोन 15 प्रो मैक्स” के संबंध में थाना सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) में मुकदमा भी पंजीकृत है।

केदारनाथ में वारदातों को अंजाम देने के बाद यह गिरोह बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की जेब काटने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले कि वे किसी और श्रद्धालु को शिकार बनाते, बदरीनाथ पुलिस ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

आरोपित
कृष्ण कुमार पुत्र बीनू निवासी बाल्मिकी मौहल्ला थाना मोरमण्डी जिला भटिन्डा पंजाब उम्र- 28 वर्ष
दिया पत्नी अशूं व पुत्री नाहर सिंह निवासी मोरमण्डी भटिण्डा पंजाब उम्र 25 वर्ष
सुनील कुमार पुत्र महाराज सिंह निवासी ग्राम नगला सवाई राम सिंह थाना कुमेर जिला भरतपुर राजस्थान हाल पता तहसील मोरमण्डी भटिण्डा पंजाब उम्र- 26 वर्ष
ललित कुमार पुत्र प्रभुदयाल निवासी ग्राम -पूर तहसील कोट कासिम थाना कोट कासिम जिला अलवर राजस्थान उम्र- 31 वर्ष
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक नवनीत सिंह (थानाध्यक्ष)
उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह बिष्ट
उपनिरीक्षक सतेंद्र बुटोला (प्रभारी SOG/एंटी थेफ्ट स्क्वाड)
उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुंसाई
महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल
अपर उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद
कांस्टेबल नरेश सिंह