Uttarakhand News 01 May 2026: हल्द्वानी । स्वाइन फ्लू को लेकर अब पशुपालन विभाग अलर्ट हो गया है। कुमाऊं मंडल के काशीपुर में विभाग का एकमात्र शूकर फार्म है। यहां खुले में घूमने वाले चार नर, 40 मादा और 56 शूकरों के बच्चे हैं।
स्वाइन फ्लू से शूकरों को बचाने के लिए बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश फार्म में प्रतिबंध कर दिया गया है। इसके साथ ही संदिग्ध पाए जाने पर शूकरों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है।
अभी तक वायरस की पुष्टि नहीं
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार अभी तक मंडल में इस वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। पशु चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार स्वाइन फ्लू का वायरस शूकरों से फैलता है। यह वायरस ऐसे व्यक्तियों में तेजी से फैलता है, जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कम रहती है।
पशुपालन विभाग के अपर निदेशक कुमाऊं डा. रमेश नितवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले काशीपुर फार्म में पहुंचकर निरीक्षण किया है। शूकरों की जांच के लिए टीमें लगी हैं। इनका सैंपल भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) जांच के लिए भेजा जाता है। यहां सैंपल पॉजिटिव आने के बाद उसे भोपाल की हाई सिक्योरिटी लैब भेजा जाता है।










