Uttarakhand News 01 May 2026: बाजपुर । जिस युवक के कहने पर महिला ने पति को छोड़ दिया, उसे रखने से उस प्रेमी ने भी इनकार कर दिया। न्याय की गुहार लगाते महिला पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर कोतवाली पहुंच गई, जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोका और बमुश्किल पेट्रोल की बोतलें उसके कब्जे से छीन लीं। महिला की मांग कार्रवाई की बजाए प्रेमी से विवाह कराने की है।

दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करता रहा
पीड़िता ने पड़ोसी युवक पर आरोप लगाया कि उसने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं, उसके कहने पर उसने अपने पति से तलाक भी ले लिया, लेकिन अब आरोपित युवक शादी से इनकार कर रहा है।

महिला ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही थी। इस मामले को लेकर पंचायत भी हो चुकी है, जिसमें शादी का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में आरोपित मुकर गया। वर्तमान में महिला को उसके परिवार वालों ने भी घर में रखने से इनकार कर दिया है।

गुरुवार को कोतवाली पहुंची महिला ने आरोपित युवक को पकड़ कर कोतवाली लाने और उससे शादी कराने की मांग की है। उसने कहा कि वह युवक को जेल नहीं भेजना चाहती, बल्कि उसके साथ विवाह कराना ही उसकी मुख्य मांग है। पुलिस ने महिला को समझाकर शांत किया और उसके बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी, साथ ही महिला की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।

यह है पूरा मामला
शहरी क्षेत्र में निवासरत पीड़िता के अनुसार उसका विवाह वर्ष 2008 में हुआ था और वह अपने परिवार के साथ रह रही थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक का घर में आना-जाना रखता था, करीब दो वर्ष पहले उसे घर में अकेला पाकर खाने-पीने के बहाने नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो बना ली। होश में आने के बाद विरोध करने पर आरोपित ने वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी।

आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि हाल ही में आरोपित ने उसे पति से तलाक लेकर साथ रहने के लिए कहा। उसके कहने पर वह उसके साथ रहने चली गई, लेकिन आरोपित ने परिवार के दबाव में आकर उसे घर से निकाल दिया और छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह दोबारा आरोपित के घर पहुंची तो उसके स्वजन ने भी उसे धक्का देकर भगा दिया और धमकियां दीं।