Uttarakhand News 04 May 2026: हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक मजदूर को शादी व भरोसे के जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप है कि महिला ने मजदूर के साथ शादी का नाटक किया और फिर प्लाट दिलाने का लालच देकर पैसे ऐंठ लिए।
इसके बाद अपने एक साथी की मदद से जेवर-नकदी लेकर फरार हो गई। महिला ने स्वयं को सहारनपुर निवासी बताया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, लालजीवाला निवासी बाबूराम सैनी ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि करीब आठ माह पहले उनकी मुलाकात सविता नाम की महिला से हुई थी।
महिला ने खुद को सहारनपुर निवासी बताया था। रजामंदी होने पर दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया और कुछ समय तक साथ रहे।
इसके बाद सविता ने अपने परिचित प्रवीण सिंह निवासी पंजनहेड़ी, कनखल से प्लाट दिलाने की बात कही। बाबूराम ने विश्वास करते हुए दो चेक के माध्यम से चार-चार लाख रुपये व करीब 45 हजार रुपये नकद दे दिए।
आरोप है कि कुछ समय तक रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन बाद में दोनों आरोपित अचानक गायब हो गए और अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए।
बाबूराम का आरोप है कि उसकी गैर मौजूदगी में सविता घर से सोने की अंगूठी, कुंडल, हार, कंगन, चांदी के बिछुए, करीब 50 हजार रुपये नकद व प्लाट का एग्रीमेंट भी लेकर फरार हो गई।
पुलिस में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।










