Uttarakhand News 18 May 2026: राजधानी देहरादून 23 मई को साहस, रोमांच और ऊर्जा के संगम की साक्षी बनेगी।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के तत्वावधान में चीन सीमा से सटी चमोली जिले की नीती घाटी में होने जा रहे एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन सप्ताह का भव्य काउंटडाउन रन का आगाज दून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ध्वजारोहण के साथ करेंगे।
इस दिन सुबह साढ़े पांच बजे मुख्यमंत्री अपने शासकीय आवास से इस ऐतिहासिक दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। दौड़ में 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
काउंटडाउन रन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि उस महाभियान का शंखनाद है, जो 31 मई को नीती घाटी में उत्तराखंड के इतिहास की सबसे बड़ी अल्ट्रा मैराथन के रूप में चरमोत्कर्ष पर पहुंचेगा।
23 मई को दून में होने वाला काउंटडाउन रन इस उत्सव का पहला स्पंदन है। यह एक ऐसी दौड़ होगी, जो दून की सड़कों पर ऊर्जा, उत्साह व एकजुटता का संचार करने के साथ ही उत्तराखंड को अभूतपूर्व साहसिक सप्ताह के लिए तैयार करेगी।
मशाल प्रज्ज्वलन व शुभंकर अनावरण
यूटीडीबी से मिली जानकारी के अनुसार काउंटडाउन रन के तहत 23 मई को सभी प्रतिभागी सुबह साढ़े पांच बजे मुख्यमंत्री आवास पर एकत्र होंगे। इसके बाद छह बजे मुख्यमंत्री धामी ध्वजारोहण करेंगे।
फिर 10 किमी की यह दौड़ मुख्यमंत्री आवास से घंटाघर होते हुए यूटीडीबी में संपन्न होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के लिए मशाल प्रज्ज्वलित करने के साथ ही शुभंकर का अनावरण भी करेंगे।
यह मशाल हिमालयी साहस और संकल्प का प्रतीक होगी, जबकि शुभंकर वीरता, संस्कृति और हिमालय की शक्ति को दर्शाएगा।
15,500 फीट की ऊंचाई पर अल्ट्रा मैराथन
नीती घाटी में 31 मई को 15500 फीट की ऊंचाई पर होने वाली 75 किमी की अल्ट्रा मैराथन साहसिक खेल गतिविधियों के इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगी। इसके अलावा नीती घाटी में एक से दो जून तक पांच किमी, 10 किमी व हाफ मैराथन स्पर्धाएं और माउंटेन बाइकिंग रेस का आयेाजन होगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों को मिलेगा नया अवसर
नीती घाटी का नीती गांव देश का प्रथम गांव है, जो वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का जीवंत प्रतीक है। एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन से नीती गांव को पर्यटन और साहसिक खेल गतिविधियों के माध्यम से नई पहचान देने की तैयारी है।
सरकार का मानना है कि इससे इस सीमावर्ती क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हेांगे। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून से शुरू होने वाली इस आयोजन की मशाल उत्तराखंड को वैश्विक साहसिक खेल मानचित्र पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण होगी।
नीती एक्सट्रीम अल्टा रन सप्ताह
23 मई : देहरादून में काउंटडाउन रन
27-30 मई : नीती घाटी में धावकों का आगमन
31 मई : नीती घाटी में 75 किमी अल्ट्रा रन व फुल मैराथन
एक जून : पांच, 10 व 21 किमी मैराथन
दो जून : माउंटेन बाइकिंग
’23 मई को दून की सड़कों पर जो मशाल जलेगी, वह एक दौड़ का प्रारंभ नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उस सपने की शुरुआत है, जो नीती घाटी को विश्व के साहसिक धावकों का गंतव्य बनाएगी। प्रधानमंत्री के वाइब्रेंट विलेज के स्वप्न को हम हिमालय की ऊंचाई पर साकार करने जा रहे हैं।’










