Uttarakhand News 18 May 2026: किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक ने सोमवार सुबह गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक अपने भाई के साथ इलाज के लिए एम्स जा रहा था। सूचना पर पहुंची कलियर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने मुताबिक यूपी का रहने वाला है युवक
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज (अलीगढ़) निवासी हेम सिंह (32 ) पिछले कुछ समय से किडनी की बीमारी से ग्रस्त था। सोमवार सुबह वह अपने भाई ओम शंकर के साथ कार से दवाई लेने के लिए ऋषिकेश एम्स जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी गंगनहर पटरी पर निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची, तो हेम सिंह ने भाई को पेशाब करने की बात कही और गाड़ी रुकवाकर बाहर उतर गया।

गाड़ी से उतरते ही गंगनहर में लगा दी छलांग
गाड़ी से उतरते ही हेम सिंह ने अचानक गंगनहर की तेज धारा में छलांग लगा दी। भाई को नहर में कूदता देख ओम शंकर के होश उड़ गए। उसने शोर मचाते हुए हेम सिंह को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण हेम सिंह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया और बहकर लापता हो गया।

गोताखोर और जल पुलिस ने की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम और जल पुलिस के गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। कलियर कोतवाल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गंगनहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।