Uttarakhand News 20 May 2026: दून मेडिकल कॉलेज में मेस घोटाले के मामले में जांच तेज हो गई है। सोमवार को प्रबंधन ने कॉलेज के कर्मचारियों, वेंडर और मेस संचालक समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। कमेटी अब अगले दो-तीन दिनों में मामले की अंतिम रिपोर्ट सौंप सकता है।

गौरतलब है कि करीब छह दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज में मेस घोटाले का खुलासा हुआ था। इसके बाद प्रबंधन ने एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया था। कमेटी की शुरूआती जांच के आधार पर प्रबंधन ने कई लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। अब कमेटी मामले की सभी परतों को खोलने के लिए सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

उधर पुलिस भी जांच पूरी कर इस मामले में जल्द प्राथमिकी दर्ज करेगी। घोटाले में संलिप्त होने पर कॉलेज ने बिना किसी देरी के लेखा अनुभाग के दो कर्मचारियों को हटा दिया है। इस पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि इस मामले में प्रबंधन सख्ती से जांच कर रहा है। छात्रों के बयान दर्ज कराए गए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।