Uttarakhand News 20 May 2026: जनगणना कार्य पूरा होने में अब मात्र पांच दिन शेष हैं लेकिन राजधानी में अभी भी करीब 47 प्रतिशत काम बाकी है। सोमवार को नगर आयुक्त की समीक्षा बैठक में कार्य में शिथिलता बरतने पर चार्ज अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई थी, जिसका असर मंगलवार को देखने को मिला। जिन आठ ब्लॉकों में अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ था, वहां भी सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
भवन गणना पूर्ण करने की अंतिम तिथि 24 मई है। तब तक काम पूरा करना है। राजधानी में करीब 1958 के करीब जनगणना ब्लॉक हैं। इनको पांच बड़े हिस्सों में बांटा गया है। पांच चार्ज अधिकारियों को इनकी जिम्मेदारी दी गई है। 24 दिन से ज्यादा बीत गए हैं लेकिन अभी तक भी आधे के करीब काम शेष है। ऐसे में अब अगले पांच दिनों में शेष काम को खत्म करने के लिए प्रगणकों ने जोर लगा दिए हैं।
देश के विकास के लिए जनगणना बहुत जरूरी है। इसके माध्यम से सरकार आंकड़े जुटाती है। देश में कितने पक्के घर हैं, कितने लोग एक मकान में रहते हैं। मकान कच्चा है या पक्का, या फिर किराए पर रहते हैं। तमाम तरह की जानकारी मिलने पर सरकार उसके हिसाब से लोगों को योजनाएं बनाती है लेकिन बहुत से लोग इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को गंभीरता से नहीं ले रहे।
यही कारण है कि देहरादून में बहुत से लोगों ने टीम का विरोध भी किया। नथुआवाला वार्ड में एक परिवार ने तो मकान के बाहर प्रगणक की ओर से लिखा गया नंबर भी मिटा दिया था और टीम के साथ अभद्रता की थी। बाद में चार्ज अधिकारी राजेश नैथानी मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिवार से बात की। तब जाकर परिवार ने अपनी गलती मानी और टीम को जानकारी दी।










