Uttarakhand News 13 June 2026: हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस मामले में स्पा सेंटर की महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार करते हुए छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। स्पा सेंटर से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम नैनीताल रोड पर तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कांप्लेक्स की तीसरी मंजिल स्थित एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर में छापा मारा। टीम को सेंटर में आपत्तिजनक गतिविधियां होते मिलीं। टीम ने मौके से दो एंट्री रजिस्टर, 4320 रुपये और आपत्तिजनक सामग्री कब्जे में ले ली है।

मामले में पुलिस ने देह व्यापार में लिप्त सेंटर की मैनेजर पूनम निवासी खलील कुचा चांदनी चौक दिल्ली, अतुल ठाकुर निवासी राजेंद्रनगर राजपुरा हल्द्वानी के अलावा ग्राहक कार्तिकेय निवासी महावीरगंज फर्रुखाबाद यूपी और नीरज सिंह निवासी ग्राम चिरखून कर्णप्रयाग चमोली को गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना कोतवाल हल्द्वानी विजय मेहता को सौंपी गई है। टीम में एएचटीयू की प्रभारी सुनीता कुंवर, भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल प्रह्लाद रावत, रेनू अधिकारी, गोविंद मेहरा आदि शामिल रहे।

स्पा सेंटर संचालक भागा
पुलिस के मुताबिक छापे के दौरान स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल निवासी सरस्वती कॉटेज भट्ट कॉलोनी हल्द्वानी मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसके खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

काउंसलिंग के बाद छह युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेजा
स्पा सेंटर में पकड़ी गई छह युवतियों को पुलिस ने काउंसलिंग के बाद मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। वहां भी उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

कैंची धाम घूमने आए थे पकड़े गए युवक
पुलिस जांच में पता चला कि मामले में गिरफ्तार नीरज और कार्तिकेय यहां कैंची धाम के दर्शन करने आए थे। वे हल्द्वानी में रुके और स्पा सेंटर में पकड़े गए। स्पा सेंटर में पूर्व में भी देह व्यापार की शिकायतें मिलती रही हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने औचक निरीक्षण किया।

देह व्यापार में लिप्त महिला और उसके सहयोगी का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। स्पा सेंटर संचालक को भी नामजद किया गया है।