Uttarakhand News 19 June 2026: शहर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद बवाल हो गया। दुष्कर्म का आरोप मुस्लिम नाबालिग युवक पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों से जुड़े युवा और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी पक्ष की दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

आरोप है कि एक मुस्लिम मकान मालिक के घर में हिंदू परिवार किराये पर रहता है। उनकी एक 14 साल की बेटी है। मकान मालिक के भांजे पर आरोप है कि वह बुधवार रात करीब एक बजे किशोरी को जबरन दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में ले गया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी नाबालिग को संरक्षण में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने नाबालिग आरोपी को संरक्षण में ले लिया है। वहीं, घटना से गुस्साए बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों ने आरोपी पक्ष की सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और गोदाम में भारी तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान पलटन बाजार में दुकानें बंद कराने का भी प्रयास हुआ। खबर लिखे जाने तक शहर कोतवाली क्षेत्र में तनाव बना हुआ था।

शृंगार सामग्री की दुकान का सामान तोड़ा
घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकताओं और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में भारी तोड़फोड़ की। दुकान के अंदर से चूड़ियों व अन्य सामग्रियों के डिब्बे निकालकर बाहर फेंक दिए गए। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए मोहल्ले के लोग अपने घर बंद कर अंदर ही दुबक गए। करीब एक घंटे तक आरोपियों के घर के पास हंगामा चलता रहा। खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर पुलिसबल तैनात रहा और भीड़ की जमा हुई थी। मोहल्ले में तनाव बना हुआ था।

शहर कोतवाली पहुंची भीड़ तो बुलाई कई थानों की पुलिस
दुकान में तोड़फोड़ के बाद आक्रोशित लोग शहर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान पल्टन बाजार की दुकानें भी बंद कराने की कोशिश हुई। कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेटकर दुकानों के शटर गिरा दिए। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए आनन-फानन में प्रेमनगर, क्लेमेंटटाउन, पटेलनगर समेत कई थानों से पुलिसबल मौके पर बुला लिया गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के सामने ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए और मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की

शहर कोतवाली की लक्खीबाग चौकी में मां की ओर से तहरीर दी गई है कि उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।