Uttarakhand News 22 July 2026: हबीबपुर निवादा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।स्वजन ने उसे जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

झबरेड़ा निवासी नीटूराम ने बताया कि उनकी पुत्री नीलू सैनी (32 ) का विवाह वर्ष 2015 में हबीबपुर निवादा निवासी बसंत कुमार से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति बसंत कुमार, ससुर विनय कुमार, सास सुषमा और देवर अंकित कुमार दहेज की मांग को लेकर बेटी की पिटाई करने साथ ही उसका उत्पीड़न कर रहे थे।

शादी के बाद से ही हो रहा था उत्पीड़न
चार बेटियों के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। बताया कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2016 और वर्ष 2025 में सामाजिक समझौते भी कराए गए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि 18 जुलाई की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उनकी बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी।

जब वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे तो नीलू सैनी की मौत हो गई है। नीलू सैनी के शरीर पर चोटों के कई निशान थे और शरीर नीला पड़ गया था। जिससे उसे जहर देकर हत्या करने का शक हुआ।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पुलिस ने तहरीर पर पति बसंत के अलावा ससुर, विनय, सास सुषमा और देवर अंकित पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।