Uttarakhand News 29 July 2026: देहरादून। कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों व प्रशासन की ओर से चिह्नित क्षेत्रों में मांस व शराब की बिक्री प्रतिबंध लगाने, यात्रा मार्गों पर संचालित होटल, ढ़ाबे, रेस्टोरेंट व अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रतिष्ठान का नाम और लाइसेंस स्पष्ट प्रदर्शित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर हिंदू रक्षा दल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि कांवड यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व, श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा और कानून व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं को परेशान करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

कांवड़ यात्रा मार्गों पर संचालित होटल्, ढ़ाबे, रेस्टोरेंट व अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रतिष्ठान का नाम और लाइसेंस स्पष्ट प्रदर्शित किया जाए। सभी होटल्, ढाबों में खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।

शाकाहारी व मांसाहारी भोजन की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाए। कावंडियों के लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा व अन्य सुविधा दी जाए। इस मौके पर दल की महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रद्धा राजपूत, सागर बजरंगी, जितेंद्र, राजकुमार, आशीष, भंवर सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।