Uttarakhand News 04 Aug 2026: रामनगर के ग्राम मालधन क्षेत्र में हिंदू धर्म की युवती को दूसरे धर्म का युवक अपहरण कर केरल ले जा रहा था। युवती के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मालधन निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी एक पुत्री कुछ समय पूर्व ही बालिग हुई है। आरोप लगाया कि पूछड़ी निवासी परवेज नाम का युवक उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर रविवार को अपने साथ ले गया। सूचना पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को रविवार शाम छह बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी और युवती को रामनगर कोतवाली लेकर पहुंची। उन्होंने युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी परवेज केरल में नौकरी करता है इसलिए वह युवती को केरल लेकर जा रहा था। आरोपी ने दिल्ली से 8:40 बजे की केरल की ट्रेन के लिए सीट बुक कराई थी।

छह महीने पहले हुई थी आरोपी से दोस्ती
बताते हैं कि आरोपी और पीड़िता छह माह पूर्व छोई में मिले थे। तब युवती नाबालिग थी। इसी बीच आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने बताया कि दूसरे धर्म के लोग रामनगर में केरला स्टोरी फिल्म को फिर से दोहराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

युवती को भगाकर ले जा रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर युवती को बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।