Uttarakhand News 25 Aug 2026: उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में रनर-अप का खिताब हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। 51 प्रतिभागियों के बीच लगभग 40 दिनों तक चली इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से अपनी अलग पहचान बनाई।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त 2026 को जयपुर स्थित ज़ी स्टूडियो में आयोजित किया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों से आई 51 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने इस सफर में हिस्सा लिया, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न चरणों और चुनौतियों से गुजरना पड़ा।
पूरी प्रतियोगिता के सफ़र के दौरान अनुभा ने न केवल अपनी ख़ूबसूरती और स्टेज प्रेजेंस का ही नहीं बल्कि अपनी सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी प्रभाव छोड़ा। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी जड़ों और पहाड़ की पहचान को पूरे गर्व के साथ राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
अनुभा वशिष्ठ के लिए यह उपलब्धि उनके पेजेंट करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। 40 दिनों के इस सफर ने उन्हें अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया। अपनी उपलब्धि पर अनुभा ने कहा कि उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में रनर-अप बनना मेरे लिए बेहद गर्व और भावुकता का क्षण है।
40 दिनों का यह सफ़र मेरे लिए सिर्फ़ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ख़ुद को और बेहतर तरीके से जानने और अपनी क्षमताओं को पहचानने की यात्रा रही। मैं उन सभी लोगों की दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास रखा।
अपने पिता जताया आभार
अनुभा वशिष्ठ ने अपने पिता के प्रति मैं विशेष कृतज्ञता व्यक्त की। कहा कि जिन्होंने समाज की संकीर्ण मानसिकताओं की परवाह किए बिना मुझे हमेशा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। जीत के दबाव से इतर उन्होंने मुझे बस अपना शत प्रतिशत देने के लिए प्रेरित किया। उनके लिए तो मैं मिस यूनिवर्स बचपन से ही हूं क्योंकि मैं उनकी प्यारी बेटी हूं। मैं भी ऐसा ही मानकर प्रतियोगिता में उतरी थी क्योंकि मैं दुनिया के सबसे सुंदर पिता की बेटी हूं।
अनुभा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गर्व के क्षण के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने एक बार फिर यह साबित किया है कि पहाड़ों से आने वाली बेटियां अपने सपनों को लेकर बड़े राष्ट्रीय मंचों तक पहुंच सकती हैं और वहां अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उर्वशी रौतेला के बाद अनुभा उत्तराखंड की दूसरी प्रतिभागी हैं जिन्होंने इस प्रतियोगिता में अंत तक बने रहकर यह ख़िताब हासिल किया।










