Uttarakhand News 16 Sep 2026: लक्सर। गन्ने की चरखी पर काम करने के लिए छत्तीसगढ़ गए क्षेत्र का एक युवक हिंदू समुदाय की महिला को प्रेम जाल में फंसाकर अपने साथ ले आया।

आरोप है कि युवक ने धर्म परिवर्तन कराकर उसके साथ शादी कर ली। आरोपित युवक की पहली पत्नी के जानकारी देने पर हिंदू संगठन के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

दिसंबर 2025 में आया घर
जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पिछले वर्ष गन्ने की चरखी पर काम करने के लिए छत्तीसगढ़ गया था। वहां उसकी एक हिंदू महिला से जान-पहचान हुई। युवक महिला को अपने प्रेम जाल में फंसा कर दिसंबर 2025 में अपने घर ले आया।

आरोप है कि इसके बाद युवक महिला को कलियर लेकर गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और महिला का हिंदू नाम बदलकर मुस्लिम नाम कर दिया गया। मौलवी के माध्यम से दोनों का निकाह कराए जाने का आरोप है।

बताया गया कि इसके बाद से दोनों साथ रह रहे हैं। युवक की पहली पत्नी ने इसका विरोध किया। लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी। जिस पर पहली पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित युवक व मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।