Uttarakhand News 6 Nov 2026: हल्द्वानी। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस ने शहर में वाहनों की आवाजाही पर सख्ती कर दी है। शुक्रवार सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी माल वाहक, आपातकालीन माल वाहक और दोपहिया वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा।

बाजारों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी और खुफिया तंत्र के कर्मचारी तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नए रिक्रूटों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सभी कोतवालों और चौकी प्रभारियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

हल्द्वानी में पुलिस बहुउद्देशीय भवन स्थित कंट्रोल रूम से अधिकारी सीसीटीवी कैमरों के जरिए शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर नजर रखेंगे। गुरुवार को एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कालाढूंगी रोड, बरेली रोड और रामपुर रोड पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान कैमरे में एक महिला पीएसी जवान ड्यूटी स्थल पर मोबाइल चलाती दिखी तो एसएसपी ने तत्काल उसका नाम पता कर मोबाइल जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाते मिलने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।

शहर में दिनभर रेंगते रहे वाहन
धनतेरस से एक दिन पहले गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। तिकोनिया से सिंधी चौराहे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।

सिंधी चौराहे से मंडी और रामपुर रोड पर सड़क किनारे अतिक्रमण और नो पार्किंग में खड़े वाहनों से जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, कालाढूंगी चौराहे, मुखानी चौराहे आदि क्षेत्रों में वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। खरीददारी को बाजार आने वाले लोग भी जाम के कारण बाजार आने से बचने लगे हैं।

यातायात व्यवस्था बनाने के लिए यातायात पुलिस, सीपीयू और सभी कोतवाली व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख और जाम वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। रूट डायवर्जन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।