Uttarakhand News 18 Nov 2026: हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस के बीच बेहतर तालमेल ने 26 जिंदगियों को बचा लिया। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और साझा रणनीति के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

अलग-अलग जिम्मेदारियों के बावजूद सभी टीमों के बीच लगातार समन्वय और त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि महज सवा घंटे के भीतर घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। शुरुआती मिनटों में सक्रियता और एजेंसियों का तालमेल बेहद महत्वपूर्ण निर्णायक साबित हुआ।

एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें सुबह 5.12 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर तत्काल समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को बिना देरी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचते ही सभी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप मोर्चा संभाला और एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

सवा घंटे में घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि वो सुबह करीब 7:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। उस समय तक अधिकांश शवों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा जा चुका था। अंतिम दो शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही थी।

दुर्गम खाई, पानी का तेज बहाव, अंधेरा और भारी पत्थरों के नीचे दबे शवों को निकालना बचाव दल के लिए चुनौती था। घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद कठिन थीं। खाई में उतरकर और नदी के तेज बहाव के बीच फंसे लोगों तक पहुंचना आसान नहीं था। एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कम से कम सात जवानों को मशक्कत करनी पड़ रही थी।

ऐसे कठिन हालात में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस के साथ आईटीबीपी ने मोर्चा संभाला और 70 से 80 जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 20 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर विभिन्न टीमें महज 20 से 40 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गईं। गूलर चौकी नजदीक होने के कारण पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला टीम, जल पुलिस और नरेंद्रनगर फायर सर्विस ने मोर्चा संभाला।

मुनिकीरेती और गूलर से पहुंची पुलिस टीमों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे में तीन लोग पत्थरों और सीमेंट के भारी डिवाइडर के नीचे दब गए थे। डिवाइडर वाहन के साथ खाई में जा गिरे थे। भारी वजन के कारण उन्हें हाथों से हटाना संभव नहीं था और नदी तक जेसीबी पहुंचाने का रास्ता भी नहीं था। ऐसे में पहले रास्ता तैयार किया गया और फिर फोकलैंड मशीन मंगवाकर तीनों शवों को बाहर निकाला गया।