Uttarakhand News 24 Nov 2026: (टिहरी गढ़वाल)। दीनदयाल योजना अंतर्गत जिला सहकारी बैंक छाम ने सहकारी समितियों से चयनित 100 काश्तकारों को एक करोड़ 12 लाख रुपये के ऋण चेक प्रदान किए गए। विकासखंड स्तरीय सहकारी ऋण मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिपं सदस्य सुनील जुयाल, कनिष्ठ उप प्रमुख बबीता बनाली, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित खंडूड़ी व ग्राम प्रधान सुमन सिंह गुसाईं ने किया।

सहकारी बैंक छाम ने सहकारी समिति कंडी, कमांद, लालुरी, भणेती से चयनित 100 काश्तकारों को 1.12 करोड़ रुपए के ऋण चेक दुग्ध व्यवसाय, मुर्गी पालन, बकरी पालन, बागवानी, मशरूम उत्पादन, साग-सब्जी उत्पादन आदि के लिए वितरित किए गए। इसमें रीप परियोजना व एनआरएलएम को भी शामिल किया गया है।

सहायक विकास अधिकारी सहकारिता अवधेश बिजल्वाण ने बताया कि एक अप्रैल से विकासखंड में 2.15 करोड़ रुपये के एसटी ऋण, एक करोड़ का मध्यकालीन ऋण, घस्यारी योजना में 745 क्विंटल साइलेंस पशुचारा वितरित कर दिया गया है। सभी समितियों को उर्वरक बिक्री लाइसेंस प्राप्त हो गए हैं। सभी समितियों के माध्यम से मंडुवा की खरीदारी करने के आदेश दिए गए हैं।

10 ग्राम बचत केंद्रों के माध्यम से 2899 बचत खाते खोले गए हैं, जिनमें काश्तकारों ने 2.85 करोड़ की धनराशि जमा की है। इसके साथ ही सभी समितियों में सीएससी सेंटर भी प्रारंभ किए गए हैं, जिससे ऑनलाइन कार्यों में काश्तकारों को सुविधा उपलब्ध हो रही है। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक शाखा छाम के प्रबंधक गौरव सिंह बिष्ट, सहकारी पर्यवेक्षक यशपाल सिंह रावत, तहसीलदार प्रतिनिधि रविंद्र भट्ट, सचिव मुसद्दीलाल सेमवाल आदि मौजूद रहे।