Uttarakhand News 25 Nov 2026: गांव में सड़क न होने पर प्रसव पीड़िता तीन किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंची लेकिन पीड़ा अधिक होने के कारण महिला ने रास्ते में ही बेटी को जन्म दिया। महिला के साथ आई ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता और उसके पति ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जच्चा और बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया। घटना बीते रविवार की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है।
विकासखंड के गैन-कांगुला-सैंजकट्टा सड़क पर तीन किमी की स्वीकृति न मिल पाने के कारण ग्रामीणों को आज भी पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ग्राम पंचायत गनोली के मौली तोक की गायत्री देवी (24) को शनिवार शाम से दर्द हो रहा था लेकिन गांव में सड़क सुविधा नहीं थी। ऐसे में रविवार सुबह ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और महिला के पति उसे अस्पताल ले गए।









