Uttarakhand News 5 June 2026: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया।
जंगलचट्टी के निकट चीरबासा हेलीपैड के पास ऊपरी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक घोड़ा संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घोड़े पर सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा संचालन के दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे।
इस दौरान उनकी चपेट में आने से घोड़ा संचालक देवेश सिंह निवासी बड़ासू, जनपद रुद्रप्रयाग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं घोड़े पर सवार राजस्थान, उदयपुर निवासी यात्री विष्णु भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जंगलचट्टी में तैनात पुलिस बल, डीडीआरएफ, वाईएमएफ तथा सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने घायल यात्री को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड भेजा।
घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी रखने की अपील की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और घोड़ा-खच्चर संचालकों में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है










