Uttarakhand News 5 Nov 2026: देहरादून। मोहब्बेवाला में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद आज गुरुवार को चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम होगा। मृतकों के स्वजन हादसे के बाद ही देहरादून पहुंच चुके थे। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से घर पर मातम पसरा हुआ है। वही, चालक के स्वजन भी देहरादून पहुँच गए हैं।

बुधवार दोपहर को मोहब्बेवाला में एक कंटेनर कार पर पलट गया था। इससे कार पूरी तरह चिपक गई थी। हादसे में सहारनपुर निवासी जीएसटी अधिवक्ता विश्वेश, उनकी पत्नी निशा अनंत कपूर, मां किरण कपूर और कार के चालक नीरज की मौत हो गई थी। जबकि कार से छह वर्षीय मासूम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

हादसे में मृतक विश्वेश अपने परिवार के साथ सहारनपुर से देहरादून में अपने भाई के पास आ रहे थे, लेकिन मोहब्बेवाला में हादसे ने परिवार को उजाड़ दिया। बुधवार को रात होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार यानी आज चारो मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शवों को स्वजनों को सौंप दिया जाएगा।

दून से सहारनपुर तक हादसे का शोर
मोहब्बेवाला में हुए हादसे का शोर राजधानी दून से लेकर सहारनपुर तक गूंज पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि एक झटके में चाल जिंदगी लील गया। मृतक सहारनपुर निवासी थे तो सहारनपुर में हादसे के बाद माहौल गमगीन हो गया।