Uttarakhand News 10 July 2026: बदरीनाथ में चढ़ावे की हेराफेरी के मामले अब कई सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला दान में मिली दो एंबुलेंस और एक टेंपो ट्रेवलर से जुड़ा है।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने मंदिर समिति की दो एंबुलेंस और एक टेंपो ट्रैवलर के लापता होने के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि समिति के पास तीनों वाहनों तथा लैपटाप का रिकॉर्ड है।

टेंपो ट्रैवलर की चल रही मरम्मत
मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि मंदिर समिति की एक एंबुलेंस 2022 में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रुद्रप्रयाग को दी गई थी, जबकि दूसरी एंबुलेंस 2016 में निष्प्रयोज्य हो चुकी है और उसका पूरा विवरण समिति के पास है।

उन्होंने कहा कि टेंपो ट्रैवलर वर्तमान में बदरीनाथ धाम से देहरादून मरम्मत के लिए लाया गया है। बैंकों द्वारा मंदिर समिति को दिए गए लैपटॉप का भी पूरा रिकॉर्ड समिति की स्टॉक बुक में दर्ज है।

किसी भी लैपटॉप के लापता होने की सूचना सही नहीं हैं और इस संबंध में प्रसारित की जा रही जानकारियां भ्रामक हैं। मंदिर समिति अपने सभी संसाधनों और परिसंपत्तियों का विधिवत अभिलेखीकरण और निगरानी करती है।