Uttarakhand News 16 April 2026: नैनीताल जिले के भीमताल की ग्राम पंचायत जंतवालगांव में बुधवार शाम छह बजे एक ट्रक में गोवंश को भरकर ले जाने पर ग्रामीण और भाजपा नेता भड़क गए। वाहन के अंदर आठ मवेशियों को भरकर हल्द्वानी की ओर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। भीमताल कोतवाल राजेश यादव पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन चालक और अन्य लोगों के संतोषजनक जवाब नहीं देने पर मवेशियों समेत वाहन में सवार लोगों को कोतवाली लेकर पहुंचे। वाहन में दो मवेशियों की हालत गंभीर होने पर उनका पशु चिकित्सालय में इलाज किया गया। शेष को भीमताल की निजी गोशाला में भेजा गया।

क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन जंतवाल, भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट और कुलदीप बोहरा ने बताया कि वाहन में गोवंश को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मामले में तमाम भाजपा नेता और अन्य लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीमताल निवासी एक आरोपी दूसरे समुदाय का है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि वाहन सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सही जवाब नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान पंकज जोशी, आशु पाठक, शरद पांडे, कमल देवका, मोनू पांडे, गौतम मटियाली, अंकित रावत आदि मौजूद रहे।