Uttarakhand News 11 अक्टूबर 2022 भवाली: भारी बारिश के बाद यहां अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर नावली के पास भारी मलबा आने से मार्ग अचानक अवरुद्ध हो गया, जिसे खोलने में कई घंटे लग गये। काफी मशक्कत के बाद अब यात्रियों के लिए यह मार्ग पुन: खोल दिया गया है।

भवाली से अल्मोड़ा मार्ग नावली काकड़ीघाट के पास मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया। हाईवे पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती गई। नावली के पास जैसे ही मार्ग बंद हुआ निर्माण कंपनी द्वारा जेसीबी लगाकर मलबा हटाने की कार्रवाई की गई। इस काम में कई घंटों का समय लग गया और आखिरकार मार्ग पुन: खोल दिया गया। इस दौरान चौकी इंचार्ज खैरना दिलीप कुमार भी मौके पर ही मौजूद रहे। नावाली के पास यह मार्ग तड़के सुबह 02 बजे बंद हो गया था, जबकि काफी मशक्कत के बाद यह मार्ग आज सुबह 09 बजे तक खोला जा सका। उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के चलते बहुत से लिंक मार्ग भी बंद हो गये थे जिन्हें खोले जाने की कार्रवाई गतिमान है। बता दें, कि यहां मार्ग बंद होने से बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई थी। रोडवेज की एक यात्री बस भी मार्ग में मलबा आने के कारण फंस गई थी। जिस कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।