Uttarakhand News 10 अक्टूबर 2022 उत्तराखंड, पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से दुखद हादसे की खबर सामने आ रही है यहां पौड़ी- कोटद्वार राजमार्ग पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी कार में तीन लोग सवार थे हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है वहीं घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल पौड़ी में उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।

प्राप्त समाचार के मुताबिक रविवार को कार में सवार होकर पौड़ी से एक परिवार के तीन लोग दिल्ली जा रहे थे। कार अचानक राजमार्ग पर सुंडाखाल के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। बताया गया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक महिला घायल हो गई। बाजार चौकी प्रभारी हेमकांत सेमवाल ने बताया दुर्घटना में वीर सिंह पंवार (62) पुत्र कोतवाल सिंह ग्राम बुंरासी तहसील पौड़ी निवासी और वीरा देवी (60) पत्नी सोबन सिंह गुसाईं ग्राम डूंगरी तहसील पौड़ी की मौत हो गई है। दोनों भाई बहन हैं। जबकि वीर सिंह की पत्नी सुनीता पंवार दुर्घटना में घायल हो गई है। जिला अस्पताल पौड़ी में उनका उपचार चल रहा है। इधर घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।