Uttarakhand News 25 April 2026: क्षेत्र के रौता गांव में कथा के लिए मंच तैयार करने में लगे एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। युवक ने हिम्मत दिखाई और बचाव के लिए गुलदार पर डंडे से वार किए। वहीं युवक के साथ काम कर रहे अन्य युवकों ने शोर मचाया तो गुलदार वहां से भाग गया। मगर हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। दिन दहाड़े गांव में गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
पोखरी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत रौता में 26 अप्रैल से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। खडपड़ा तोक में इसके लिए मंच व पंडाल तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार को गांव के युवक मंच तैयार करने में जुटे हुए थे। सुबह करीब दस बजे अचानक झाड़ी से निकलकर गुलदार ने मोहित सिंह (29) पुत्र शिशुपाल सिंह पर हमला कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। मोहित के हाथ में डंडा था उसने हिम्मत दिखाई और बचाव के लिए गुलदार से भिड़ गया।
मोहित ने डंडे से युवक पर वार किए और अन्य युवकों ने शोर मचाया तो गुलदार वहां से भाग गया। मगर मोहित के हाथ, पैर, पीठ व पेट पर पंजे व नाखूनों के गहरे घाव हुए हैं। ग्रामीण जख्मी हालत में मोहित को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रौता लेकर गए। डॉक्टर विरजू ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है।
जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता की सूचना वन विभाग को दे चुके हैं लेकिन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की। वहीं वन दरोगा आनंद सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। वन कर्मी क्षेत्र में गश्त कर गुलदार की तलाश कर रहे हैं। क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।
बच्चों व महिलाओं को घर से न निकलने की हिदायत
गांव में दिन दहाड़े गुलदार के हमले में युवक के घायल होने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। रौता के साथ ही आस-पास के गांव के लोग भी भयभीत हैं। ग्रामीणों ने बच्चों व महिलाओं को घर से न निकलने की हिदायत दी है।










