Uttarakhand News 24 Nov 2026: वाण में स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट छह माह के लिए मंगलवार को विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। अब मंदिर बैसाख की पूर्णिमा को फिर खुलेगा।

मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर में प्रवेश किया। उन्होंने दीया जलाया, जिसके बाद मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही पूरा क्षेत्र लाटू के जयकारों से गूंज उठा। राजजात समिति वाण के अध्यक्ष हीरा गढ़वाली ने बताया कि मंदिर के कपाट छह माह बाद बैसाख की पूर्णिमा को खुलेंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान हवन का आयोजन किया गया। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।

मंदिर के अंदर नागमणि होने की मान्यता
लाटू देवता मंदिर आज भी श्रद्धालुओं के लिए एक रहस्य बना हुआ है। पुजारी खीम सिंह ने बताया कि मंदिर में पुजारी के अलावा कोई प्रवेश नहीं करता है। मान्यता है कि मंदिर के अंदर नागमणि विराजमान है, जिसे देखकर आंखों की रोशनी जा सकती है। इसलिए श्रद्धालु मंदिर से करीब 12 मीटर बाहर से ही पूजा करते हैं। इस मौके पर मंदिर के पुजारी खीम सिंह, पंडित रमेश कुनियाल, नवीन चंद्र, प्रधान नंदुली देवी, बीडीसी मेंबर हेमा देवी, महाबीर बिष्ट, संदीप कुमार आर्य, गौरी खत्री, मोहन गांववासी, हीरा गढवाली, कृष्णा बिष्ट, हीरा पहाड़ी, हीरा बुग्याली, मनोज पाल, मदन मोहन, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।