Uttarakhand News 24 Nov 2026: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैरागी कैंप की ओर जाने से रोके जाने पर कार सवार दंपति ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस दौरान महिला ने एएसआई को थप्पड़ मार दिया। वहीं, उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और उसे धमकाया। पुलिस ने एएसआई की तहरीर पर दंपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान एक कार सवार दंपति बैरागी कैंप की ओर जाने लगा। यातायात व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक दिया। इस बात पर कार सवार पति-पत्नी नाराज हो गए और एएसआई से बहस करने लगे।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की भी कोशिश
आरोप है कि दंपति ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की की। इसी बीच महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, दंपति ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की भी कोशिश की।
घटना के बाद एएसआई ने पूरे मामले की शिकायत कनखल पुलिस से की। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









