कोविड महामारी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे पर्यटन और तीर्थाटन ने चारधाम यात्रा से फर्राटा भरा है। यात्रा से इस बार पर्यटन व्यवसायियों को भी अच्छी आमदनी हुई है। केदारनाथ, यमुनोत्री धाम में घोड़ा खच्चर, हेली सेवा, डंडी-कंडी से 211 करोड़ का कारोबार हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा से उत्तराखंड के नए युग की शुरुआत हुई है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा आखिरी पड़ाव पर है। बृहस्पतिवार को बाबा केदार और यमुनोत्री धाम मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं, जबकि गंगोत्री मंदिर के कपाट बीते दिवस बंद हुए हैं। बदरीनाथ मंदिर के कपाट 19 नवंबर को बंद होंगे। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन पर खुशी जताई।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का है। अब उसकी शुरुआत हो चुकी है। सरकार का प्रयास है कि यात्रा से स्थानीय लोगों की आजीविका में वृद्धि हो और आय के श्रोत और बढ़ें। इसके लिए सरकार हर स्तर पर काम कर रही है। कुशल प्रबंधन से इस बार रिकॉर्ड 45 लाख यात्रियों ने चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन किए हैं। अकेले केदारनाथ में 15.55 लाख तीर्थ यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर यात्रा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।

उत्तराखंड में इस बार केदारनाथ और यमुनोत्री यात्रा में सिर्फ घोड़ा-खच्चरों, हेली टिकट और डंडी-कंडी के यात्रा भाड़े से लगभग 211 करोड़ का कारोबार हुआ है। विभागों के अतिरक्ति संबंधित जिला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रशासनिक अधिकारी वंशीधर तिवारी ने बताया कि इस वर्ष सिर्फ यत्रा के टिकट, घोड़ा खच्चरों और हेली और डंडी कंडी के यात्रा भाड़े से करीब 190 करोड़ के आसपास कारोबार हुआ है।

संभवत: पहली बार, केदारनाथ धाम में घोड़े, खच्चर व्यवसाइयों ने क़रीब एक अरब नौ करोड़ 28 लाख रुपए का रिकॉर्ड कारोबार किया। जिससे सरकार को भी आठ करोड़ रूपये से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ।  उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों के प्रशासन ने 4302 घोड़ा मालिकों के 8664 घोड़े खच्चर पंजीकृत किए थे। इस सीजन में 5.34 लाख तीर्थयात्रियों ने घोड़े खच्चरों की सवारी कर केदारनाथ धाम तक यात्रा की।

वही डंडी-कंडी वालों ने 86 लाख रुपए की कमाई की और हेली कंपनियों ने 75 करोड़ 40 लाख रुपए का कारोबार किया। इधर सीतापुर और सोनप्रयाग पार्किंग से लगभग 75 लाख का राजस्व सरकार को प्राप्त हुआ।  चार धाम यात्रा अपने आखिरी पड़ाव पर कल बाबा केदार और मां श्री यमुनोत्री के कपाट विधि विधान से शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कोविड संक्रमण काल के करीब तीन वर्ष बाद केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से चारधाम यात्रा में रौनक देखी गई।

चारधाम यात्रा ने इस वर्ष तमाम रिकॉर्ड तोड़ कर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य समस्त पौराणिक मंदिरों को संवारने और उसको पर्यटन से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों तथा कुशल यात्रा प्रबंधन की बदौलत 46 लाख यात्रियों ने इस वर्ष अभी तक चारधाम यात्रा की। जो कि पिछले दो दशक में यह सबसे अधिक आँकड़ा है। श्री केदारनाथ धाम के 15 लाख 36 हजार तीर्थ यात्रियों ने दर्शन किए।

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर से ज्यादा घोड़े वाले की कमाई
केदारनाथ धाम की यात्रा में इस बार कई नए रिकॉर्ड बने हैं। यहां अभी तक 15.55 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। अकेले घोड़ेवालों ने 1.09 अरब का कारोबार किया है। इससे उन्होंने 1.01 अरब रुपये कमाए हैं। वहीं, हेली कंपनियों ने किया 75 करोड़ का कारोबार किया। लगभग 1.5 लाख तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। डंडी कंडी से भी लगभग 86 लाख की हुई कमाई।