Uttarakhand News, 6 अक्टूबर 2022 नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दो दिनी भ्रमण पर नैनीताल पहुंचे। यहां उन्होंने नैनीताल क्लब में पार्टी कार्यकर्ताओं से बात की और ज्ञापन लिए। इसके बाद वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आहूत बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री धामी हेलीकॉप्टर से आसमान में बादलों की मौजूदगी के बावजूद हेलीकॉप्टर से कैलाखान स्थित हेलीपैड पर उतरे। यहां डीएम, एसएसपी आदि प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से वह सीधे राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब पहुंचे। यहां पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्य, भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट की अगुवाई में उनका पुष्पगुच्छ एवं कुमाऊं की प्रसिद्ध लोक कला के ऐपण से बनी चौकी का प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक सरिता आर्य ने उनसे नैनीताल-हल्द्वानी सहित अन्य क्षेत्रीय राष्ट्रीय राजमार्गों एवं सड़कों की बुरी स्थिति मुख्यमंत्री के समक्ष रखी एवं इनके सुधार की माग रही। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष व अधिवक्ता नितिन कार्की ने भी उन्हें क्षेत्रीय स्थितियो को लेकर ज्ञापन सोंपा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री अब नैनीताल क्लब स्थित मुख्यमंत्री आवास-शैले कॉटेज से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आहूत बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान पत्रकारों को भी शैले कॉटेज से दूर रखा गया है। आगे उनका जनपद नैनीताल के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करने और अपराह्न साढ़े चार बजे कैलाखान हेलीपैड से देहरादून के लिए रवाना होने का कार्यक्रम तय है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल बिष्ट, जिला पदाधिकारी कमल नयन जोशी, प्रदीप जनौटी, नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट, शांति मेहरा, अरविंद पडियार,, भूपेंद्र बिष्ट, प्रेमा अधिकारी, मोहन नेगी, मनोज जोशी व मोहित रौतेला सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद हैं।