Uttarakhand News 03 Aug 2026: क्षेत्र के गिद्दावाली गांव में पुरानी रंजिश में तीन लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। गांव गिद्दावाली निवासी पूजा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह उनके पति सोनू कुमार गांव के ही कुछ व्यक्तियों के साथ घर पर बैठकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान गांव के ही सोमपाल अपने दीपक और बंटी को लेकर हाथों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार पर हमला कर दिया। हमले में वह और पति सोनू कुमार, पुत्र कार्तिक, पुत्री खुशी, देवर सचिन व देवरानी अंजलि घायल हो गए। हमलावरों ने धारदार हथियारों से उनके पति पर हमला कर दिया।
वह बेहोश हो गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।










