देहरादून : Independence Day 2022 : उत्‍तराखंड में हर ओर आजादी के जश्‍न की धूम है। लोग सुबह से ही तिरंगा लिए भारत माता की जय का उद्घोष कर रहे हैं। लगभग हर वाहन और भवन पर तिरंगा फहरा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सबसे पहले सुबह 8:30 बजे मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

इसके बाद उन्‍होंने भाजपा मुख्यालय और फिर परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज जो हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। देश के घर-घर में फहराता तिरंगा दुनिया को एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव किसी से छुपा नहीं है। पिछले आठ वर्षों में केंद्र सरकार ने एक लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं उत्तराखंड के लिए स्वीकृत की हैं।