Uttarakhand News, Rudrapur, 25 अक्तूबर 2022। कल रात आतिशबाजी को लेकर हुए विवाद के बाद रुद्रपुर में पड़ोसी राज्य यूपी के निवासी एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराध करने के बाद हत्यारोपित साथियों के साथ दो कारों में भाग गए । सूचना मिलने पर पुलिस ने छानबीन की और हत्यारोपितों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि इसके लिए पुलिस और एसओजी की चार टीम जुटी हुई है। यूपी पुलिस ने भी बिलासपुर सहित कुमाऊं के इलाकों में डेरा डाल दिया है। नेपाल सीमा को भी सील कर दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्जनपुर बिलासपुर रामपुर यूपी निवासी 23 वर्षीय दलजीत सिंह पुत्र गुरुचरण सिंह आइलेट्स का छात्र था। सोमवार को वह दीपावली पर्व पर अपने साथी मेट्रोपोलिस निवासी गिद्रों से मिलने आया हुआ था। बताया जा रहा है कि रात आतिशबाजी के दौरान उनका रॉकेट उड़कर पास की बिल्डिंग में रहने वाले विसड्म आइलेट्स संस्थान के स्वामी गुरवीर सिंह के फ्लैट में जा गिरा।

इससे भड़के गुरवीर सिंह ने भी गिद्रों के फ्लैट की ओर आतिशबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इससे नाराज गुरवीर सिंह ने अपने साथियों को बुला लिया। रात साढ़े 12 और एक बजे के बीच जब दलजीत सिंह अपने साथी गिद्रों के फ्लैट से घर को जा रहा था तो गुरवीर और उसके कार सवार 10-12 अन्य साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया और पिटाई कर दी। साथ ही दलजीत सिंह पर पिस्टल से फायर झोंक दिया।

गोली दलजीत सिंह के पेट पर लगी और वह लहुलूहान होकर वहीं गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित दो कारों से फरार हो गए। यह देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी आशीष भारद्वाज, सीओ पंतनगर तपेश कुमार, थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी, सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही घायल दलजीत सिंह को उपचार के लिए हल्द्वानी के निजी अस्पताल ले गए।

हल्द्वानी से मंगलवार तड़के उसे बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गई। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस और एसओजी की चार टीम लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। बताया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।