Uttarakhand News 4 June 2026: देहरादून चंद्रबनी नयागांव क्षेत्र में खाली पड़े मैदान पर जिला प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ पिलर लगाने के लिए पहुंची। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भूमाफियाओं के लिए जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। स्थानीय महिलाओं और लोगों ने पुलिस का जबरदस्त विरोध किया।
लोगों का आरोप है कि यह जमीन श्रम विभाग की है और जिस जमीन पर प्रशासन हाई कोर्ट के आदेश का बहाना बनाकर कब्जा करने के लिए पहुंचा है वह यहां नहीं दूसरी जगह मौजूद है। कड़े विरोध के बावजूद तहसीलदार की मौजूदगी में पिलर काटने के लिए एक सिपाही ने कुदाल लेकर गड्ढा खोदना शुरू किया तो विरोध कर रही महिलाएं पुलिस के साथ भिड़ गई।
इसके साथ ही दो व्यक्ति तीन मंजिल मकान मकान की छत पर चढ़ गए और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। यह देखकर पुलिस प्रशासन की टीम के हाथ पांव फूल गए। किसी तरह पुलिसकर्मी मकान की छत पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझा बुझाकर शांत कर नीचे ले आए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन की टीम और स्थानीय लोग एक दूसरे के सामने कब्जा करने को लेकर आमने-सामने डटे हुए थे।










