Uttarakhand News 19 June 2026: ट्रांजिट कैंप में पति से हुए विवाद के बाद महिला ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। स्वजन को 16 घंटे बाद महिला के आत्महत्या करने की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।

फुलसुंगा थाना ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर निवासी मोहन राम खेतिहर मजदूर है। मोहन राम के मुताबिक बुधवार रात उसका अपनी पत्नी सुमित्रा देवी (55 वर्ष) के साथ कमरे की चाबी को लेकर विवाद हो गया।

उसे नहीं पता था कि उस विवाद का यह परिणाम होगा कि सुमित्रा अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर लेगी। विवाद के बाद सुमित्रा ने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

मोहन राम सहित उसके बच्चे भी दूसरे कमरे में सोने चले गए। गुरुवार सुबह मोहन राम व उसका बेटा भी अपने काम पर चले गए। वहीं बहू बच्चे की दवा लेने के लिए चली गई। सुमित्रा देवी का कमरा अंदर से बंद था।

उन्होंने सोचा गुस्सा ठंडा हो जाएगा तो उठ जाएगी। बहू जब शाम को वापस लौट कर आई तो भी सास का कमरा अंदर से बंद देख उसको संदेह हुआ।

जब उसने खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो अंदर सुमित्रा देवी पंखे में रस्सी के फंदे पर लटकी हुई थी। उसके चिल्लाने की आवाज सुन आस पड़ोस के लोग आ गए।

वहीं मोहन राम भी जानकारी मिलने पर घर आ गया। उन्होंने किसी तरह दरवाजे की कुंडी तोड़ कर सुमित्रा देवी को फंदे से नीचे उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी।

गुरुवार रात पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। शुक्रवार सुबह सुमित्रा देवी का पोस्टमार्टम किया गया।