Uttarakhand News 23 May 2026: हल्द्वानी के टांडा रेंज में तैनात फॉरेस्ट वाचर की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद निवासी मेवाराम (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे मेवाराम अपने एक साथी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में साथी ने कुल्हाड़ी से मेवाराम की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मेवाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।










