Uttarakhand News 22 May 2026: हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में जिस नशा मुक्ति केंद्र को पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध बताकर बंद करवाया था। उसका पुलिस चौकी में खुलकर प्रचार हो रहा है।
चौकी की दीवार में नशा मुक्ति केंद्र का पोस्टर समेत संचालकों के नंबर भी दर्ज हैं। जबकि इस नशा मुक्ति केंद्र को बगैर पंजीकरण के चलने के बाद पूर्व में बंद करवा दिया है।
कुछ दिन पहले हुई थी 17 वर्षीय नाबालिग की मौत
मई प्रथम सप्ताह में मुखानी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के देखरेख सही नहीं होने व स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतने पर हमारा संकल्प नशा मुक्ति केंद्र की संचालिका पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।
वहीं किशोर के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में वेंटिलेटर में भर्ती होने के बाद मौत हो गई। जिसपर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसे बंद करवा दिया था। दरअसल, मुखानी निवासी एक महिला ने नशा मुक्ति केंद्र संचालकों पर आरोप लगाए थे कि उनका पुत्र नशे की लत से जूझ रहा था। जिसपर उसे 21 फरवरी को वहां भर्ती करवाया गया।
आरोप लगाया था कि 21 अप्रैल को जब महिला अपने बेटे से मिलने गई थी तब वह ठीक था। लेकिन चार दिन बाद ही केंद्र प्रबंधन ने उन्हें फोन कर बताया कि किशोर अचानक बेहोश हो गया और उसे एसटीएच लाया गया। जिसपर कुछ दिनों बात किशोर की मृत्यु हो गई।
वहीं दूसरी ओर लोगों को जागरूक करने वाली पुलिस सोयी है और इस बात से अंजान है। ट्रांसपोर्ट नगर चौकी में अवैध नशा मुक्ति केंद्र का पोस्टर चस्पा किया गया है। जिससे जिम्मेदार पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।










