Uttarakhand News 22 May 2026: हल्द्वानी। आइपीएल में सट्टा खिलवाने वाले कक्षा तीन पास दो सगे भाई व सट्टे के रुपयों का लेखा-जोखा रखने वाले ग्रेजुएट पास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने तीनों आरोपितों को मुखानी थाना क्षेत्र से आइपीएल में बोली लगवाते हुए पकड़ लिया। तीनों आरोपित प्रतिदिन आठ लाख रुपये तक का सट्टा लगवाते थे। पूरे आइपीएल सीजन से अब तक वह तीन करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा लगवा चुके हैं।

दोनों आरोपित सगे भाई
गुरुवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सट्टा खिलवाने वाला मुख्य आरोपित 35 वर्षीय रवि गुप्ता व उसका सगा भाई 22 वर्षीय रोहित गुप्ता निवासी बनभूलपुरा लंबे समय से सट्टा खिलवाते हैं। जबकि मुखानी नारायण नगर निवासी 30 वर्षीय मोहित प्रसाद सट्टे से आने वाले रुपयों का हिसाब लगाता था।

आरोपित दोनों सगे भाई पहले वह क्षेत्र में ही लोगों को छोटा मोटा सट्टा खिलवाते थे। आरोपित रवि पर वर्ष 2020 कोरोना काल में गैंबलिंग एक्ट, नशा तस्करी करने में एनडीपीएस व आबकारी एक्ट भी लग चुका है। उसके बाद यह आइपीएल में लोगों को सट्टा खिलवाने लगे। पूछताछ में सामने आया कि यह लोगों को व्हाट्सएप व थर्ड पार्टी मोबाइल एप (एपीके फाइल) डाउनलोड करवाके सट्टा खिलाते हैं।जबकि तीनों सट्टे की बेटिंग क्रेटा कार में बैठकर करते थे।

तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी कार सीज कर दी गई है। वहीं मौके से छह मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन समेत 51 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बताया कि आरोपित प्रतिदिन की सात से आठ लाख रुपये सट्टे की लिमिट बनाते थे। जबकि सट्टे के दौरान सीक्रेट कोड जनरेट कर नंबर गेम भी खेलते थे।

एसपी सिटी ने बताया कि इन नंबर गेम वाले सट्टे में युवा पीढ़ी काफी सट्टा खेल रही है। कहा कि अगर आरोपितों ने सट्टे की कमाई से क्रेटा कार खरीदी होगी तो इसे जब्त किया जाएगा। इस दौरान सीओ सिटी अमित कुमार, मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी आदि मौजूद रहे।