Uttarakhand News 19 Aug 2026: हल्द्वानी शहर के मुखानी थानाक्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय के पास रहने वाले भारतीय सेना के जवान तुषार जोशी (26) की 17 अगस्त को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नौ अगस्त को चेन्नई से दिल्ली लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें दिल्ली कैंट बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पिता भुवनचंद्र जोशी ने समुद्र में नहाते समय मस्तिष्क में अमीबा घुसने की वजह से मौत की आशंका जताई है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो पाएगी। मंगलवार को काठगोदाम स्थित रानीबाग में सैनिक के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।

भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि वह मूलरूप से पिथौरागढ़ के मुनस्यारी के रहने वाले हैं। कई वर्ष पहले परिवार के साथ वह हल्द्वानी में बस गए। वह खुद भी सेवानिवृत्त वारंट ऑफिसर हैं। भुवन ने बताया कि तुषार करीब सात वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे। उनकी पलटन चीन बॉर्डर पर तैनात थी। तुषार भी वहीं ड्यूटी कर रहे थे।

चार माह पहले एसएसबी परीक्षा की तैयारी और कोर्स के लिए वह चेन्नई गए थे। आठ अगस्त को कोर्स समाप्त हुआ था और इसके बाद नौ अगस्त को तुषार दिल्ली लौट रहे कि ट्रेन में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन तुषार को दिल्ली कैंट स्थित आर्मी बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज चला लेकिन 17 अगस्त को उनकी मौत हो गई।

भुवन चंद्र जोशी के अनुसार उन्होंने जब बातचीत की तब पता चला कि दिल्ली आने से पहले तुषार दोस्तों के साथ समुद्र में नहाने गए थे। आशंका जताई है कि नहाते समय पानी के साथ-साथ किसी तरह अमीबा तुषार के शरीर में प्रवेश कर गया और उसी वजह से उनकी मौत हुई। तुषार के परिवार में उनके पिता, मां प्रेमा देवी, बड़ा भाई मोहित जोशी और एक बहन है। बड़ा भाई भी सेना में कार्यरत हैं। तुषार की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।