Uttarakhand News 20 Aug 2026: देहरादून। प्रदेश की राजनीति में भाजपा ने बुधवार को एक और उपलब्धि दर्ज की। श्रीनगर नगर निगम की निर्दलीय महापौर आरती भंडारी ने अपने पति एवं वरिष्ठ नेता लखपत भंडारी के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
उनके साथ श्रीनगर नगर निगम के 10 पार्षदों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कांग्रेस के दो पार्षद भी शामिल हैं। इसके साथ ही अब प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में भाजपा के महापौर हो गए हैं।
दोबारा भाजपा में शामिल
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी और उनके पति लखपत भंडारी भाजपा से अलग होकर भी पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए उनका दोबारा भाजपा परिवार में आना सुखद है। महापौर के नेतृत्व में 10 पार्षदों के भाजपा में आने से श्रीनगर में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में भाजपा का परचम लहरा रहा है।
कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि अब श्रीनगर में ट्रिपल इंजन की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही श्रीनगर में प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अन्य लोगों को भी भाजपा में शामिल कराया जाएगा।
पार्टी के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले करीब एक हजार नए लोगों को भाजपा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर को बेहतर नगर निगम बनाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा। इसी क्रम में 72 करोड़ रुपये की लागत से श्रीनगर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की योजना शुरू की जा चुकी है।
भाजपा में शामिल होने के बाद श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी और भाजपा की विचारधारा पहले भी एक थी और आज भी एक है। परिस्थितियों के कारण नगर निगम चुनाव में अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा था, लेकिन विचारधारा भाजपा के साथ ही रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन धर्म और संस्कृति को केंद्र में रखकर काम करती है, जो उनकी मूल भावना के अनुरूप है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में दोबारा लौटना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है। भाजपा में शामिल होने वालों में निर्दलीय पार्षद अंजनी भंडारी, मीणा देवी, भावना चौहान, प्रवेश चमोली, विजय कुमार चमोली, आशीष नेगी, धर्म सिंह रावत और नरेंद्र सिंह रावत तथा कांग्रेस पार्षद राजकुमार और अनुराग चौहान शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, पौड़ी जिला प्रभारी नलिन भट्ट और पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।










