Uttarakhand News 30 May 2026: देहरादून से हल्द्वानी जा रही रोडवेज बस शनिवार सुबह काशीपुर में मंडी समिति के सामने अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा बस के सामने अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना में बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए।
देहरादून से हल्द्वानी जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, देहरादून डिपो की बस संख्या यूके-07 पीए-4512 देहरादून से हल्द्वानी जा रही थी। सुबह करीब सात बजे जब बस मंडी समिति के पास पहुंची, तभी एक बाइक सवार अचानक बस के सामने आ गया। चालक ने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। बस में कुल 26 यात्री सवार थे।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। बाद में यात्रियों को दूसरी बस से हल्द्वानी के लिए रवाना किया गया।
रोडवेज डिपो सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी घायल सुरक्षित हैं। दुर्घटना के बाद बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।










