Uttarakhand News 23 Nov 2026: बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज एक महिला रविवार शाम त्रिशूल चौक के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों का हुजूम जुट गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला। सीओ विभव सैनी लगातार फोन पर महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। काफी प्रयासों के बाद महिला नीचे उतरने को राजी हुई।
बताया जा रहा है कि महिला के बेटे पर एक किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप है। शिकायत मिलने पर दिनेशपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके बेटे को थाने बुलाया था। महिला भी बेटे के पीछे थाने पहुंच गई।
काफी देर तक बेटे को नहीं छोड़े जाने से नाराज होकर वह रुद्रपुर पहुंची और त्रिशूल चौक के पास स्थित टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। सीओ विभव सैनी ने स्वयं फोन पर महिला से संपर्क साधा और लगातार बातचीत कर उसे समझाया।
पुलिस अधिकारी उसे किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारने में जुटे रहे। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। विधायक शिव अरोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
भीड़ हटाने के प्रयास में मची भगदड़, कई लोग चोटिल
टावर के पास तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों को मौके से हटाने का प्रयास किया तो अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग धक्का-मुक्की में गिरकर चोटिल हो गए। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क पर वाहनों की कतार, यातायात व्यवस्था लड़खड़ाई
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद त्रिशूल चौक के आसपास लोगों की भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ गया। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई।
सड़क किनारे रेलिंग के पास भी लोग जमा हो गए। यातायात पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लोगों को हटाया और वाहनों को निकलवाकर किसी तरह यातायात सुचारु कराया।









